सीलमपुर में बुजुर्ग की चाकू मारकर हत्या, बदले की कार्रवाई में आरोपित घायल
नई दिल्ली, 20 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में सोमवार सुबह पुरानी रंजिश के चलते हिंसक झड़प में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि बदले की कार्रवाई में आरोपित और उसके परिजन भी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, 20 अप्रैल को सुबह करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि चाकू के वार से घायल एक व्यक्ति को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची, जहां चिकित्सकों ने इस्माइल को मृत घोषित कर दिया।
जांच में सामने आया कि सुबह इस्माइल अपने घर के पास मोहम्मद इरशाद के साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान आरोपित दानिश वहां से गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि इस्माइल के देखने पर, दोनों के बीच पहले से चली आ रही रंजिश के चलते गाली-गलौज शुरू हो गई, जो जल्द ही झगड़े में बदल गई।
इसी दौरान शाहिद अली नामक व्यक्ति मौके पर पहुंचा और झगड़ा शांत कराने की कोशिश की, लेकिन आरोपित ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी आंख में चोट आई। इसके बाद दानिश चाकू लेकर आया और इस्माइल के सीने, पेट और सिर पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के बेटे जफर उर्फ जीशान और फैजान मौके पर पहुंचे और बदले की नीयत से आरोपित दानिश व उसके परिजनों पर हमला कर दिया। इस झड़प में दानिश के सीने सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आईं। घायल दानिश को भी जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों पक्षों के आरोपितों की पहचान कर ली गई है और पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

