सिरसा: लाखों रुपये की हेरोइन सहित तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 01 मार्च (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने सिरसा शहर क्षेत्र से एक नशा तस्कर को लाखों रुपये की हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए तस्कर की पहचान सिरसा जिले निवासी रोहित कुमार के रूप में हुई है। सिरसा के एसपी दीपक सहारण ने रविवार को बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान शहर के रोड़ी बाजार क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान डकोतों वाली गली से एक युवक आता दिखाई दिया जो कि पुलिस टीम को देखकर वापस मुडक़र भागने लगा।
पुलिस ने शक के आधार पर उसे दबोच लिया और तलाशी ली तो उसके कब्जे से करीब 27 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ शहर थाना में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि उससे गहन पूछताछ कर हेरोइन तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान की जा सके। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिला सिरसा में नशा तस्करी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

