सिरसा: आवारा कुत्तों के झुंड ने मासूम बच्चे को नोंच कर किया लहूलुहान
सिरसा, 11 अप्रैल (हि.स.)। सिरसा जिले के नाथूसरी चौपटा कस्बे मेंं आवारा कुत्तों के झुंड ने एक बच्चे पर हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। कुत्ते करीब 4-5 मिनट तक बच्चे के शरीर को नोंचते रहे। बच्चे का हाथ, मुंह, पैर, सीना, जांघ, गर्दन और सिर सहित पूरा शरीर लहूलुहान हो गया। राहगीरों व परिजनों ने बड़ी मुश्किल से बच्चे को कुत्तों के झुंड से छुड़वाया और उसे उपचार के लिए सिरसा के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। शनिवार को गांव रामपुरा ढिल्लों के राजकीय प्राथमिक स्कूल से छुट्टी होने पर वापस लौट रहे गांव निवासी रामलाल के नौ वर्षीय बेटा कर्ण पर कुत्तों ने हमला बोल दिया। इसके बाद दूसरे बच्चों ने शोर मचाया तो कुछ लोगों ने कुत्तों को भगाकर किसी तरह बच्चे की जान बचाई। इसके बाद उसे सिरसा के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि बच्चे को कुत्तों ने बड़ी ही बेरहमी से काटा है। उसके पूरे शरीर पर घाव हैं। जिसके कारण उसकी स्थिति गंभीर है। उन्होंने बताया कि गांव में आवारा कुत्तों का आंतक है। पहले भी कई लोगों को काट खाया है। गांव के सरपंच रविल सिंवर ने बताया कि गांव के स्कूल के पास ही हड्डा रोड़ी बनी हुई है जहां पर 40 से 50 आवारा किस्म के कुत्ते रहते हैं जो कि मांसाहारी है। जिससे हर समय लोगों को काटने का खतरा बना रहता है। उनका कहना है कि प्रशासन इन आवारा कुत्तों को पकड़ कर कहीं और ले जाए। ग्रामीणों ने बताया कि इस सिलसिले में वे सोमवार को उपायुक्त से मुलाकात करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

