home page

सिरमौर में 26 साल की विवाहिता ने फंदा लगाकर दी जान

 | 

नाहन, 28 फ़रवरी (हि.स.)। जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में एक विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में मृतका की मां ने अपने दामाद पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला पुरुवाला थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोजर गांव से जुड़ा है। मृतका की पहचान 26 वर्षीय रजनी के रूप में हुई है।

जानकारी मिली है कि करीब ढाई साल पहले रजनी ने प्यार की खातिर मर्यादाओं की दीवार लांघकर रामकुमार के साथ लव मैरिज की थी, जिसे बाद में परिवार ने स्वीकार भी कर लिया था, लेकिन किसे पता था कि यह प्रेम विवाह महज कुछ समय बाद ही रजनी के लिए काल बन जाएगा। मृतका की मां शिमला देवी ने बेटी की मौत के पीछे दामाद रामकुमार उर्फ रोहित पर कई संगीन गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही रामकुमार का व्यवहार पूरी तरह बदल गया था। वह पिछले दो वर्षों से रजनी के साथ लगातार मारपीट और दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहा था। हालत यह थी कि रजनी और उसकी नन्हीं बेटी को मायके तक आने की इजाजत नहीं थी। इसी प्रताड़ना से तंग आकर बेटी को ऐसा खौफनाक कदम उठाना पड़ा। बहरहाल, पुलिस इन आरोपों की जांच में जुटी है।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने मृतका की मां की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस इस मामले के हर पहलू की बारीकी से तफ्तीश कर रही है और साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। आरोपी और ससुराल पक्ष से पूछताछ जारी है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर