सागर में मैगजीन संचालक के घर मिला अवैध विस्फोटकों का जखीरा, पुलिस की दबिश से मचा हड़कंप
सागर, 07 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में पुलिस ने अवैध विस्फोटक भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में कमर्शियल एक्सप्लोसिव बरामद किया है। बहेरिया थाना क्षेत्र की कर्रापुर चौकी अंतर्गत ग्राम मझगुआं में पुलिस ने मैगजीन संचालक दुलीचंद पटेल के आवासीय परिसर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पेटियों में छिपाकर रखा गया विस्फोटक मिला। बताया गया है कि सामग्री भूसे के नीचे छिपाई गई थी। शुक्रवार देर रात तक पुलिस की कार्रवाई जारी रही।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मझगुआं स्थित एक आवासीय परिसर में अवैध रूप से विस्फोटक का भंडारण किया जा रहा है और वहां से इसकी आपूर्ति भी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग कंपनियों और विभिन्न लॉट का विस्फोटक पेटियों में रखा मिला।
खदानों और निर्माण कार्यों में होता है इस्तेमाल
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बरामद सामग्री सामान्य पटाखे या आतिशबाजी में इस्तेमाल होने वाली नहीं है, बल्कि कमर्शियल एक्सप्लोसिव है। इसका उपयोग खदानों, पहाड़ों और बड़े निर्माण कार्यों में ब्लास्टिंग के लिए किया जाता है। पुलिस को मौके से एटीएमएम की पेटियां और एक इंच मोटर वाले छोटे आकार के एक्सप्लोसिव भी मिले हैं। बरामद सामग्री के लॉट नंबर, निर्माण तिथि और तकनीकी विवरणों का सत्यापन किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक का अवैध भंडारण गंभीर खतरा पैदा कर सकता था। इसकी वास्तविक क्षमता और संभावित नुकसान का आकलन करने के लिए विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है।
दो अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच
पुलिस ने मैगजीन संचालक दुलीचंद पटेल के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की है। प्रारंभिक पूछताछ में दो अन्य संदिग्धों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस उनकी भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि विस्फोटक कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन लोगों को की जानी थी।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि मैगजीन लाइसेंस की आड़ में अवैध भंडारण और बिक्री का कारोबार तो नहीं चलाया जा रहा था। जब्त विस्फोटक का कुल वजन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी तकनीकी सत्यापन तथा विस्तृत जांच के बाद सामने आएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

