home page

सागरः शराब के लिए मारपीट करने वाला और अवैध चाकू के साथ बदमाश गिरफ्तार

 | 
सागरः शराब के लिए मारपीट करने वाला और अवैध चाकू के साथ बदमाश गिरफ्तार


सागर, 03 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में होली के त्यौहार पर शहर में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहतं मोतीनगर थाना पुलिस ने मंगलवा को त्वरित कार्यवाही करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस सक्रियता से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।

मामला 01: शराब के लिए पैसे न देने पर ईंट से हमला, आरोपी गिरफ्तार

पहली घटना संत रविदास वार्ड की है, जहाँ शराब के नशे के लिए पैसे न मिलने पर एक युवक ने मारपीट की वारदात को अंजाम दिया। फरियादी संतोष अहिरवार (40 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 3 मार्च की सुबह आरोपी साहब अहिरवार ने उनसे शराब के लिए रुपयों की मांग की। मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और पास पड़ी ईंट से संतोष पर हमला कर दिया। मोतीनगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 119(1), 296, 115(2), 118(1) और 351(1) के तहत मामला दर्ज किया। वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर 21 वर्षीय आरोपी साहब अहिरवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है।

मामला 02: खटकेदार चाकू के साथ घूम रहा बदमाश धराया

दूसरी कार्यवाही मुखबिर की सूचना पर मृत्युञ्जय मंदिर के पास की गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा जो भागने की फिराक में था।तलाशी लेने पर 33 वर्षीय सोनू रैकवार के पास से एक अवैध धारदार खटकेदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी के पास चाकू रखने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था, जिसके बाद पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)(बी) के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। सोनू रैकवार पर भी पूर्व में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे