सस्पेंड पुलिस कांस्टेबल का अपहरण कर सवा लाख की लूट
जयपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। रामनगरिया थाना क्षेत्र के जगतपुरा में सस्पेंड पुलिस कांस्टेबल का अपहरण कर लूट की वारदात सामने आई है। बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर उसे जबरन कार में बैठाया और मारपीट कर नकदी सहित ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए कुल करीब 1.25 लाख रुपये लूट लिए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित तरुण राज (32) राजस्थान पुलिस में कांस्टेबल है, जो वर्ष 2021 में जालोर में शराब तस्करों से मिलीभगत के मामले में निलंबित चल रहा है। सोमवार रात करीब 10 बजे वह अपनी पत्नी के साथ कार से मालवीय नगर जा रहा था। इस दौरान जगतपुरा 7 नंबर चौराहे पर सामान लेने के लिए वह कार से नीचे उतरा।
इसी दौरान एक स्विफ्ट कार वहां आकर रुकी, जिसमें सवार 3-4 बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर उसे जबरन कार में बैठा लिया। शोर मचने पर उसकी पत्नी ने विरोध करते हुए कार के आगे खड़े होकर उसे बचाने की कोशिश की। लेकिन बदमाश उसे जबरन उठाकर ले गए।
बदमाशों ने चलती कार में उसके साथ मारपीट की और जेब में रखे करीब 40 हजार रुपए छीन लिए। इसके अलावा उससे ऑनलाइन करीब 85 हजार रुपए का ट्रांजेक्शन भी करवा लिया। करीब आधे घंटे तक कार में घुमाने के बाद आरोपित उसे सूनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित की पत्नी ने थाने में मामला दर्ज कराया है। जांच अधिकारी गजानंद मीणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी लेनदेन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

