home page

ससुराल में महिला की संदिग्ध हालात में मौत, जहर खाने की आशंका

 | 
ससुराल में महिला की संदिग्ध हालात में मौत, जहर खाने की आशंका


जोधपुर, 20 जून (हि.स.)। शहर के निकटवर्ती मथानिया स्थित भैसेर चावंडियाली गांव में रहने वाली एक महिला की ससुराल में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसके जहर खाने की आशंका जताई जाती है। पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर जहर देकर मारने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दी है। पुलिस ने दहेज हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। शव का आज मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया। शादी को तीन साल हुए थे और एक बच्चा बताया जाता है।

थानाधिकारी कैलाशी ने बताया कि नरपतराम पुत्र हुकमाराम जाट ने दहेज हत्या की रिपोर्ट दी है। इसमें बताया कि उसकी पुत्री 26 वर्षीय वसुंधरा की शादी तीन साल पहले रमेश जाट के साथ की गई थी। शादी के बाद उसके एक संतान हुई। मगर उसके ससुराल वाले दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताडि़त करते थे। 13 जून को वह अपने ससुराल में थी। तब वसुंधरा के ससुराल वाले उसे विषाक्त पदार्थ खाने पर अस्पताल लेकर पहुंचे थे। उसकी 19 जून को मौत हो गई।

थानाधिकारी कैलाशी ने बताया कि उसके पीहर पक्ष ने दहेज हत्या की रिपोर्ट दी है। उनका आरोप है कि वसुंधरा को जहर दिया गया है। शव का आज मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया है। जांच एसीपी मंडोर अनिल शर्मा की तरफ से की जा रही है। उसने जहर खाया अथवा दिया गया इस बारे में फिलहाल पुलिस की तरफ से गहनता से जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश