सरपंच चुनाव में रिश्तेदारी में जा रहा 14 हजार का इनामी चढ़ा पुलिस के हत्थे
डीएसटी पूर्व को देखकर कार छोड़ खेतों में भागा, करवड़ पुलिस को सौंपा, जोधपुर में एक साल से था फरार
जोधपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। पंचायत चुनाव नजदीक आने के साथ ही अब तस्कर भी अपना भाग्य आजमाइश के साथ रिश्तेदारों से मिलने के लिए आने लगे है। जोधपुर के करवड़ स्थित जुड- खारी गांव में एक इनामी तस्कर को कमिश्नरेट की डीएसटी पूर्व ने घेराबंदी कर पकड़ा है। आरोपित पर 14 हजार का इनाम घोषित था। दस हजार का इनाम जिला पूर्व में और चार हजार का इनाम सिरोही जिले के पिण्डवाडा थाने में था। वह जोधपुर कमिश्ररेट के डांगियावास, मथानिया, बनाड़ थाने में मादक पदार्थ तस्करी में भी वांटेड चल रहा था।
डीएसटी पूर्व के प्रभारी एएसआई खेतसिंह ने बताया कि डीएसटी पूर्व के साथ वे सांयकालीन गश्त पर थे। तब मंगलवार की देर शाम को एक कार में संदिग्ध पर्सन बनाड़ रोड पर जाते दिखा जोकि पुलिस को देखकर गाड़ी भगा ले गया। इस पर डीएसटी ने उसका पीछा किया और वह बाद में अपनी कार लेकर करवड़ के जुड-खारी गांव की सरहद में पहुंच गया। पुलिस उसका लगातार पीछा करती रही और वह मौक ा लगने पर अपनी कार छोड़ कर खेतों में भाग गया। इस पर पुलिस की टीम ने उसका खेतों में दो तीन किलोमीटर तक पीछा किया और उसे पकड़ लिया गया।
डीएसटी प्रभारी खेतसिंह के अनुसार आरोपी खोखरिया कापरड़ा निवासी सोमराज पुत्र सोहनलाल विश्रोई को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी कार की तलाशी में कुछ नहीं मिला।
आरोपित सोमराज के खिलाफ जिला पूर्व में दस हजार का इनाम घोषित था। सिरोही जिले के पिण्डवाडा थाने में भी उस पर चार हजार का इनाम है। वह बनाड़, डांगियावास और मथानिया थाने में एनडीपीएस एक्ट में वांटेड चल रहा था। जोधपुर में एक साल से और सिरोही पिण्डवाडा में तीन चार साल से वांटेड था।
डीएसटी प्रभारी खेतसिंह के अनुसार आरोपित सोमराज वक्त अपनी कार से रिश्तेदारी में सरपंच चुनाव में कैंप में जा रहा था। पुलिस को देखकर भागने लगा तब उसे पकड़ा जा सका। उसे अब करवड़ पुलिस के सुपुर्द किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

