home page

संदिग्ध परिस्थितियों एके 47 गैंग के राइट हैंड को लगी गोली

 | 
संदिग्ध परिस्थितियों एके 47 गैंग के राइट हैंड को लगी गोली


पुलिस ने अस्पताल से युवक को लिया हिरासत में

हमीरपुर, 08 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर कस्बे में सक्रिय एके 47 गैंग के सरगना रामजी सिंह के दाहिने हाथ पंकज विश्वकर्मा को संदिग्ध हालत में बाएं हाथ की हथेली में गोली लग गई। इसको उपचार के लिए पीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर सदर अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया। बहन का आरोप है कि कानपुर से पुलिस उठा लाई है और कहां पर रखा है यह नहीं बता रही ।

पुराने स्टेट बैंक के सामने रहने वाले महेश विश्वकर्मा का पुत्र पंकज विश्वकर्मा कस्बे में सक्रिय एके 47 गैंग के सरगना रामजी सिंह का दाहिना हाथ है। दोनों के खिलाफ कई मुकदमे थाने में दर्ज हैं। इसको बड़ी पुलिया के समीप संदिग्ध हालत में बाएं हाथ की हथेली में गोली लग गई। गोली किसने मारी यह कोई नहीं बता रहा है। इसको कस्बे के सुमित निगम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया। डॉ.शशांक सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में रात में ही इसको कानपुर रेफर कर दिया गया। पंकज विश्वकर्मा की बहन नंदिनी ने शुक्रवार काे बताया कि भाई को पुलिस कानपुर से अपने साथ सुमेरपुर लेकर लौट आई और परिजनों से नहीं मिलने दे रही हैं।

उसे कहां रखा गया है यह भी नहीं बता रही हैं। जबकि सुबह पंकज के मोबाइल पर फोन किया गया तो दूसरी तरफ से बोला गया कि थाने से योगेश तिवारी बोल रहा हूं और कह रहे थे कि मैं अपने हिसाब से धाराएं लगाऊंगा। इसके बाद से फोन स्विच ऑफ हो गया। हम लोग थाने के चक्कर काट रहे हैं। पुलिस किसी को कुछ भी नहीं बता रही है। इससे पूरा परिवार परेशान है। बहन ने किसी अनहोनी की आशंका जताई है। सीओ सदर राजेश कमल ने शुक्रवार को बताया कि पंकज विश्वकर्मा शराब के नशे में खुद ही गोली मारी है। पुलिस को जानकारी होने पर कानपुर में इलाज कराते समय इसको हिरासत में लिया गया है। इसके खिलाफ अवैध शस्त्र रखने का अभियोग दर्ज करके वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा