श्रावस्ती : मुठभेड़ में आरोपित के दाएं पैर में गोली लगी, गिरफ्तार
- गिरफ्तार आराेपित के कब्जे से अवैध तमंचा, दो जिंदा व दो खोखा कारतूस बरामद
श्रावस्ती, 29 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में श्रावस्ती जिले के इकौना थाना क्षेत्र में शनिवार की देर रात पुलिस ने वांछित अपराधी को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। आरोपित के दाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने बताया कि 27 नवंबर को कस्बा इकौना में लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला करने तथा दुकान में घुसकर तोड़फोड़ करने की घटना हुई थी। इस मामले में थाना इकौना में मुकदमा दर्ज किया था। घटना में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगी थी।
इसी क्रम में 28 नवंबर की रात करीब 11:50 बजे थाना इकौना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम बनकटा नहर पुलिया से मजीदिया जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुकदमे में प्रकाश में आए अभियुक्त भलुहिया दसौंधी निवासी अभय शर्मा से पुलिस की मुठभेड़ हो गई।
खुद को घिरता देख आरोपित ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आराेपित अभय शर्मा के दाए पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपित को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना पहुंचाया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ इकौना थाना में पहले से भी आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

