home page

शिमला : नशा तस्करी पर सख्ती, आदतन आरोपी को भेज़ा जेल

 | 
शिमला : नशा तस्करी पर सख्ती, आदतन आरोपी को भेज़ा जेल


शिमला, 26 अप्रैल (हि.स.)। नशा तस्करी में बार-बार शामिल होने वाले आरोपियों के खिलाफ शिमला पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए निरोधात्मक कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में पुलिस ने एक आदतन आरोपी को PIT-NDPS Act के तहत हिरासत में लेकर जेल भेजा है, जिससे उसे दोबारा अपराध करने से रोका जा सके।

पुलिस के अनुसार रामपुर निवासी आरोपी चेतन चौहान लंबे समय से नशा तस्करी के मामलों में शामिल रहा है और हाल के दिनों में फरार चल रहा था। प्रदेश सरकार ने उसके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई के प्रस्ताव को मंजूरी दी। इसके बाद कानून के तहत डिटेंशन आदेश जारी किए गए।

इन आदेशों के पालन में शिमला पुलिस की टीम ने शनिवार को चंडीगढ़ के मनीमाजरा इलाके में एक गेस्ट हाउस से आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे शिमला लाया गया और आगे की प्रक्रिया पूरी करते हुए कैथू जेल में दाखिल कर दिया गया है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामले दर्ज हैं। साल 2020 और 2023 में उसके खिलाफ NDPS Act के तहत मामले दर्ज किए गए थे, जिनमें चिट्टा तस्करी के आरोप शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की लगातार आपराधिक गतिविधियों और दोबारा अपराध करने की प्रवृत्ति को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि नशा तस्करी में संलिप्त ऐसे आदतन आरोपियों को समाज और सार्वजनिक स्थानों से दूर रखने के लिए PIT-NDPS कानून के प्रावधानों का प्रभावी तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा है। इसी के तहत अब तक शिमला पुलिस 35 आरोपियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई कर चुकी है और उन्हें तीन-तीन महीने के लिए जेल भेजा जा चुका है।

एसएसपी का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि जिले में नशा तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा