home page

शादी का झांसा देकर किशोरी को पुणे ले गया युवक गिरफ्तार, अनूपपुर पुलिस ने किया बरामद

 | 
शादी का झांसा देकर किशोरी को पुणे ले गया युवक गिरफ्तार, अनूपपुर पुलिस ने किया बरामद


शादी का झांसा देकर किशोरी को पुणे ले गया युवक गिरफ्तार, अनूपपुर पुलिस ने किया बरामद


अनूपपुर, 16 मार्च (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के अनूपपुर जिले की कोतवाली पुलिस ने 17 वर्षीय किशोरी का अपहरण कर उसे महाराष्ट्र के पुणे ले जाने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद कर आरोपी को सोमवार को अनूपपुर लाकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

थाना प्रभारी अरविंद जैन ने बताया कि आरोपी विनय कुमार पटेल (20) पुत्र महेश पटेल निवासी ग्राम छिलपा, भालूमाड़ा का किशोरी के पड़ोस में रहने वाले अपने मामा के घर अक्सर आना-जाना था। इसी दौरान दोनों के बीच पहचान हुई और धीरे-धीरे दोस्ती बढ़ गई।

बताया गया कि 23 फरवरी को किशोरी अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी तलाश के बाद कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल की मदद से एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में सहायक उपनिरीक्षक सुरेन्द्र प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक महेन्द्र राठौर, आरक्षक अमित यादव, महिला आरक्षक कविता विकल तथा साइबर सेल से प्रधान आरक्षक राजेन्द्र अहिरवार और आरक्षक पंकज मिश्रा शामिल थे।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी किशोरी को लेकर महाराष्ट्र के पुणे भाग गया है। इसके बाद पुलिस टीम ने पुणे के कोरेगांव क्षेत्र में छापेमारी की, जहां आरोपी एक किराए के कमरे में किशोरी के साथ मिला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विनय पटेल ने किशोरी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाया और उसे अपने साथ पुणे ले जाने की योजना बनाई थी। पुलिस ने किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला