home page

वाहन चेकिंग के दौरान यातायात पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की, चालक मौके से फरार

 | 
वाहन चेकिंग के दौरान यातायात पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की, चालक मौके से फरार


रायपुर, 20 अगस्त (हि. स.)। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने के साथ-साथ यातायात पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की लगातार जांच की जा रही है।

इसी अभियान के तहत शारदा चौक में वाहन चेकिंग के दौरान यातायात पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की।

वाहन जांच के दौरान पुलिस टीम ने बिना नंबर की मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही चालक मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

यातायात पुलिस ने मोबाइल ई-चालान डिवाइस/ऐप के माध्यम से वाहन के इंजन एवं चेचिस नंबर की जांच की। जांच में मोटरसाइकिल का पंजीयन तथा वाहन स्वामी पुष्पेंद्र की जानकारी सामने आई। वाहन स्वामी से संपर्क करने पर उन्होंने मोटरसाइकिल चोरी होने तथा इस संबंध में थाना सिविल लाइन, रायपुर में चोरी की रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी दी।

इसके बाद थाना सिविल लाइन से तस्दीक करने पर मोटरसाइकिल के चोरी के संबंध में एफआईआर दर्ज होना प्रमाणित हुआ। यातायात पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल को सुरक्षार्थ यातायात थाना, शारदा चौक में खड़ा कराया और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना सिविल लाइन, रायपुर को सूचित किया।

फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है तथा प्रकरण में आगे की कार्रवाई संबंधित थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।

सतर्क पुलिसकर्मियों को किया गया पुरस्कृत

चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करने में सतर्कतापूर्वक ड्यूटी निभाने वाले पुलिसकर्मियों के उत्साहवर्धन के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा उन्हें नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

यातायात पुलिस की अपील- यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें। साथ ही किसी भी संदिग्ध वाहन या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। यातायात पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग एवं संदिग्ध वाहनों की जांच का अभियान लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर