home page

लॉरेंस-सोपू गैंग का हथियार सप्लायर गिरफ्तार

 | 
लॉरेंस-सोपू गैंग का हथियार सप्लायर गिरफ्तार


जोधपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। जोधपुर ग्रामीण पुलिस की जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से कथित रूप से हथियारों का प्रचार-प्रसार करने वाले आरोपी मनीष उर्फ मनसा भाटी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर लॉरेंस बिश्नोई और सोपू गैंग से जुड़े बदमाशों सहित विभिन्न राज्यों के अपराधियों को अवैध हथियार उपलब्ध कराने का आरोप है।

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पंकज ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो साझा करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिले के सभी थाना प्रभारियों और जिला विशेष टीम को निर्देश दिए गए थे। अभियान के दौरान पुलिस ने इंस्टाग्राम पर हथियारों के साथ रील और फोटो अपलोड करने वाले खेड़ापा थाना क्षेत्र के बुचेटी निवासी मनीष उर्फ मनसा भाटी पुत्र मालाराम की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपाल सिंह लखावत के निर्देशन तथा डीएसटी प्रभारी श्रवणकुमार भंवरिया के नेतृत्व में टीम ने आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाई। पूछताछ में आरोपी ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र और राजस्थान के विभिन्न जिलों में बदमाशों एवं आपराधिक गिरोहों को अवैध हथियार और कारतूस की आपूर्ति करना स्वीकार किया।पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ फोटो और वीडियो साझा कर खुद को बड़ा गैंगस्टर दर्शाने का प्रयास करता था।

साथ ही वह इन्हीं पोस्टों के माध्यम से हथियारों के संभावित खरीदार भी तलाशता था। आरोपी के विरुद्ध खेड़ापा थाने में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब उससे जुड़े अन्य नेटवर्क और हथियार तस्करी के संबंधों की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश