रायपुर में नशे के सौदागरों पर शिकंजा, 200 नशीली टैबलेट के साथ दो गिरफ्तार
रायपुर, 8 अगस्त (हि.स.)। शहर में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक्सप्रेस-वे रोड पर दबिश देकर दो युवकों को प्रतिबंधित नशीली गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित नशीली गोलियां बेचने की फिराक में थे।
पुलिस को 7 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, श्री हरि श्याम जनरल स्टोर्स के पास दो युवक प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर आरोपितों के कब्जे से 200 नग नाइट्रोसन-10 टैबलेट, 70 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 70 हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चन्द्रशेखर परमार (27) और अभिषेक कोसले (19), दोनों निवासी महासमुंद के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों से नशीली दवाओं को रखने और बेचने से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
हत्या के मामले में भी जेल जा चुका है आरोपित
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित चन्द्रशेखर परमार का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। वह वर्ष 2024 में महासमुंद के कोतवाली थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के मामले में जेल में रह चुका है।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ गंज थाने में अपराध क्रमांक 239/26, धारा 22(ग) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

