रायपुर : मामूली विवाद में युवक की हत्या, तीन आरोपित गिरफ्तार
- शराब पीने के दौरान हुआ था विवाद, लोहे की रॉड और सीमेंट के टुकड़े से किया हमला
रायपुर, 9 अगस्त (हि. स.)। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद 22 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को घटना के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
आरोपितों ने युवक की हत्या करने के बाद शव को घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर सीमेंट की पाइप लाइन के अंदर छिपा दिया था।
रविवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान पवन टंडन (22 वर्ष), निवासी रावांभाठा, खमतराई के रूप में हुई है। पवन पिछले तीन दिनों से लापता था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि, तीन युवकों ने एक व्यक्ति की हत्या कर शव छिपा दिया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में समीर खान (19), प्रकाश यादव (18) और सूरज यादव (19) ने हत्या करना स्वीकार किया।
पुलिस के मुताबिक, 6 अगस्त की रात तीनों आरोपित और पवन टंडन बंजारी नगर रावांभाठा स्थित चारों बांधा तालाब के सूखे मैदान में बैठे थे। वहां शराब पीने के दौरान रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच पवन से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि, इसी दौरान समीर खान ने लोहे की रॉड से पवन के सिर पर हमला किया। इसके बाद प्रकाश यादव ने सीमेंट के बड़े टुकड़े से उसके सिर पर वार किया, जबकि सूरज यादव ने उसका गला दबाया। समीर ने भी दो-तीन बार सीमेंट के टुकड़े से पवन के सिर पर हमला किया। गंभीर चोटों के कारण पवन की मौत हो गई।
हत्या के बाद तीनों आरोपितों ने शव को करीब 300 मीटर दूर ले जाकर सीमेंट की पाइप लाइन के अंदर लगभग 12 फीट की दूरी पर छिपा दिया। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद किया। एफएसएल टीम और मृतक के परिजनों को मौके पर बुलाया गया, जहां परिजनों ने शव की पहचान पवन टंडन के रूप में की।
पुलिस ने मामले में मृतक के चचेरे भाई प्रकाश भट्ट की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 752/2026 के तहत धारा 103(1), 238, 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड, सीमेंट का बड़ा टुकड़ा और घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में खमतराई थाना पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

