रायपुर ग्रामीण पुलिस ने अवैध हथियार के साथ आरोपित को किया गिरफ्तार
रायपुर, 5 अगस्त (हि.स.)। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक देशी कट्टा, एक जिंदा 8 एमएम कारतूस तथा चार खाली कारतूस बरामद किए हैं। आरोपित पूर्व में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले में भी जेल जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, 4-5 अगस्त की दरम्यानी रात थाना सिलतरा पुलिस की टीम नियमित रात्रिकालीन पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम निमोरा स्थित पंचायत भवन देहान के सामने एक व्यक्ति अवैध देशी कट्टा लेकर लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम सरफराज खान बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा, एक जिंदा 8 एमएम कारतूस और चार खाली 8 एमएम कारतूस बरामद किए गए। आरोपित हथियार रखने संबंधी कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ थाना सिलतरा में अपराध क्रमांक 21/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जांच में यह भी सामने आया कि, सरफराज खान वर्ष 2022 में थाना मंदिर हसौद क्षेत्र में दर्ज हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। आरोपित मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया और प्रयागराज जिलों का निवासी है। उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि की विस्तृत जानकारी जुटाने के लिए संबंधित जिलों की पुलिस से समन्वय किया जा रहा है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम) संदीप मित्तल एवं एसडीओपी माना लम्बोदर पटेल के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह कँवर, सउनि. कौशल मिर्झा, प्रधान आरक्षक कोमल वर्मा, आरक्षक अजय पटेल, प्रेम चनाब, भूपेंद्र टंडन एवं मुकेश जांगड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

