home page

रामसागरपारा की दुकान में लगी आग, पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से बड़ा हादसा टला

 | 
रामसागरपारा की दुकान में लगी आग, पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से बड़ा हादसा टला


रायपुर, 7 जुलाई (हि. स.)। आजाद चौक थाना क्षेत्र के रामसागरपारा स्थित एक दुकान में मंगलवार की सुबह आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस, डायल 112 और फायर ब्रिगेड की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस के अनुसार, आग लगने की सूचना मिलते ही आजाद चौक थाना की टाइगर मोबाइल टीम और डायल 112 की टीम मात्र पांच मिनट में मौके पर पहुंच गई। आग तेजी से फैलती देख तत्काल फायर ब्रिगेड को बुलाया गया और विद्युत विभाग को सूचना देकर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई।

दुकान के ऊपर आवासीय मकान होने के कारण पुलिस और डायल 112 की टीम ने वहां रहने वाले सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। साथ ही आसपास मौजूद लोगों को भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इसके बाद फायर ब्रिगेड, डायल 112 तथा आजाद चौक और मोहदापारा थाना की टाइगर मोबाइल टीम के संयुक्त प्रयास से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग से दुकान में रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने बताया कि समय पर की गई कार्रवाई से आग को आसपास की दुकानों और मकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर