home page

रामपुर जनपद की तहसील शाहबाद का संग्रह अमीन 15 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

 | 
रामपुर जनपद की तहसील शाहबाद का संग्रह अमीन 15 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार


मुरादाबाद, 28 फरवरी (हि.स.)। भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुरादाबाद मंडल इकाई ने शनिवार को जनपद रामपुर की तहसील शाहबाद के संग्रह अमीन काे ₹15000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि पकड़े गए आरोपित संग्रह अमीन ने शिकायतकर्ता से शस्त्र नवीनीकरण के लिए नो ड्यूज प्रणाम पत्र पर आख्या लगाने के एवज में रिश्वत ली है। ट्रैप टीम प्रभारी इंस्पेक्टर कृष्ण अवतार के नेतृत्व में आरोपित को गिरफ्तार किया गया।

इंस्पेक्टर कृष्ण अवतार ने बताया कि जनपद रामपुर के थाना शाहबाद के ग्राम जाहिदपुर निवासी हसमुद्दीन पुत्र शमशुद्दीन ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुरादाबाद के कार्यालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया था कि जनपद बदायूं के थाना कुंवर गांव ग्राम सिगोई निवासी प्रेम शंकर तिवारी पुत्र राममूर्ति लाल रामपुर जनपद के शाहाबाद तहसील में संप्रति संग्रह अमीन राजस्व यह पद पर कार्यरत है। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपित संग्रह अमीन ने शिकायतकर्ता से शस्त्र नवीनीकरण के लिए नो ड्यूज प्रणाम पत्र पर आख्या लगाने के एवज में ₹15000 की रिश्वत की मांग कर रहा है।

इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की ट्रैप टीम ने अपना जाल बिछाया और शिकायतकर्ता हसमुद्दीन को शनिवार दोपहर तहसील शाहबाद कार्यालय के पास बुलाया और रंग लगे 15000 के नोट थमा दिए। इसके बाद शिकायतकर्ता शाहबाद तहसील कार्यालय परिसर में बने आरोपित संग्रह अमीन प्रेमशंकर तिवारी के आवास पर पहुंचा और उसको ट्रैप टीम द्वारा दिए गए रिश्वत के पैसे जैसे ही दिया, आरोपित संग्रह अमीन काे एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ दबोच लिया और उसके पास से रिश्वत की राशि बरामद कर ली।

इंस्पेक्टर नवल मरवाह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित संग्रह अमीन के विरुद्ध थाना शाहबाद में अभियोग पंजीकृत करने की कार्रवाई जारी है। इसके साथ ही संकलित साक्ष्य के रूप में शिकायतकर्ता का प्रार्थना पत्र, फ्री ट्रैप जांच अख्या, शिकायतकर्ता के बयान, शिकायतकर्ता द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेज तथा रिश्वत लेने की वीडियोग्राफी दी गई है। साथ ही मामले की विवेचना निरीक्षक दीपा त्यागी को आंवटित करने पर विचार करने के लिए कहा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल