home page

राजस्थान पुलिस का सर्जिकल स्ट्राइक: 214 अपराधी गिरफ्तार

 | 
राजस्थान पुलिस का सर्जिकल स्ट्राइक: 214 अपराधी गिरफ्तार


जयपुर, 02 मार्च (हि.स.)। राजस्थान में भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के लिए पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के विजन को धरातल पर उतारते हुए संगठित गिरोहों के विरुद्ध पुलिस ने बड़ी घेराबंदी की। इस ऑपरेशन का मुख्य लक्ष्य अवैध हथियार रखने वाले, इलाके में रंगदारी व अन्य अपराधी घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह से संबंधित नेटवर्क को जड़ से उखाड़ना था। यह कार्रवाई जयपुर व जोधपुर कमिश्नरेट सहित राज्य के चौदह अन्य जिलों में की गई।

इस मिशन की कमान पुलिस महानिदेशक स्पेशल ऑपरेशन्स आनंद श्रीवास्तव को सौंपी गई। उनके निर्देशन में राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने मोर्चा संभाला। एडीजी दिनेश एमएन और डीआईजी योगेश यादव के सुपरविजन में इस पूरे ऑपरेशन का ब्लूप्रिंट तैयार किया गया।

ग्राउंड लेवल पर कार्रवाई के लिए एसपी ज्ञान चंद यादव,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरोत्तम वर्मा व सिद्धांत शर्मा और डीएसपी फूलचंद टेलर व भंवरलाल सहित अनुभवी पुलिस निरीक्षकों की टीम ने मैदान में मोर्चा संभाला। अन्य सभी जिलों में टारगेटेड अपराधियों की सूची साझा कर जीरो टॉलरेंस के निर्देश दिए गए।

डीजीपी शर्मा ने बताया कि सभी रेंज आईजी ने समस्त कार्रवाई की मॉनिटरिंग की एवं स्थानीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में फील्ड में पुलिस टीमों द्वारा कार्रवाई की गई। इस विशेष अभियान के लिए कुल 1,276 अपराधियों को टारगेट पर लिया गया था। आंकड़ों के अनुसार, इनमें रोहित गोदारा और लॉरेंस गैंग से संबंधित 383, स्थानीय गैंग के 534 और अन्य श्रेणियों के 359 इनामी व वांछित अपराधी चिन्हित किए गए थे। पुलिस की टीमों ने प्रदेश भर में इनके ठिकानों पर सघन दबिश दी।

जहां पुलिस ने इस ऑपरेशन के दौरान भारी मात्रा में आर्म्स एक्ट के तहत कुल 30 प्रकरण दर्ज कर 17 पिस्टल, 3 देशी कट्टे, 14 कारतूस, 6 चाकू और 6 छुरे बरामद किए गए। एनडीपीएस एक्ट के 34 मामलों में पुलिस ने 1.166 किलो हेरोइन, 8.544 ग्राम स्मैक, 5.29 ग्राम एमडी, 300 ग्राम अफीम, 14.792 किलो गांजा और 26.08 किलो डोडा पोस्त जब्त किया।

इसके साथ ही झुंझुनू जिले में कार्यवाही करते हुए पुलिस ने 8,153 अफीम के पौधे भी बरामद किए हैं।

इस अभियान के अंत तक पुलिस ने कुल 214 फरार और वांछित अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। इसमें 11 इनामी अपराधी, 157 वारंटी और 46 अन्य वांछित शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न जिलों से 32 वाहन और 19 मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी साक्ष्य के तौर पर जब्त किए गए हैं।

हनुमानगढ़ में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान पंजाब की बंबीहा गैंग के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से 11 पिस्टल और 22 मैगजीन बरामद हुई। ये हथियार इंदौर से पंजाब सप्लाई किए जाने थे। वहीं चूरू में सुरेश सेन नामक हार्डकोर अपराधी के घर पर दबिश दी गई। जहाँ से भारी मात्रा में अवैध शराब, 12 विभिन्न बैंक के कार्ड, पासबुक व चेक बुक और 5,30,600 नकद बरामद हुए। इसी जिले में विदेश में बैठे अपराधी महेंद्र डेलाना गिरोह के सदस्य धनराज उर्फ धन्ना को भी गिरफ्तार कर एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया है, आरोपित कुचामन क्षेत्र में गंभीर आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। इस कारवाई के दौरान 428 गैंग सदस्यों के पूछताछ नोट और डोजियर तैयार किये ताकि भविष्य में उनके नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके। इस विशेष अभियान के तहत राजस्थान पुलिस ने प्रदेश की विभिन्न पुलिस रेंज में एक साथ व्यापक कार्रवाई कर अपराध जगत में हड़कंप मचा दिया।

इसके अलावा जयपुर रेंज में जयपुर के चारों जिलों सहित सीकर, झुंझुनू और कोटपूतली-बहरोड़ में सघन दबिश अभियान चलाया गया। जयपुर में 142 अपराधियों को चिन्हित कर 62 डोजियर तैयार किए गए। झुंझुनू में 194 बदमाशों के ठिकानों पर दबिश देकर 8,153 अफीम के पौधे जब्त किए गए। सीकर में 95 बदमाशों तथा कोटपूतली-बहरोड़ में 68 बदमाशों को चिन्हित कर कार्रवाई की गई, जहां 13 डोजियर तैयार कर दो वाहन जब्त किए गए।

बीकानेर रेंज में बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों में व्यापक स्तर पर कार्रवाई हुई। बीकानेर में 67 बदमाशों के खिलाफ दबिश देकर एनडीपीएस एक्ट के सात प्रकरण दर्ज किए गए और 62 किलो 155 ग्राम डोडा पोस्त सहित अन्य मादक पदार्थ जब्त किए गए। श्रीगंगानगर में 138 बदमाशों के ठिकानों पर कार्रवाई करते हुए 14 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर 1 किलो 130.21 ग्राम हेरोइन, 11 किलो 870 ग्राम पोस्त और 200 ग्राम अफीम जब्त की गई। हनुमानगढ़ में 61 बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई कर पंजाब की बंबीहा गैंग से 11 पिस्टल और 12 मैगजीन बरामद की गई। चूरू में 105 बदमाशों को चिन्हित कर पांच इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। जोधपुर रेंज में जोधपुर पूर्व-पश्चिम, जोधपुर ग्रामीण और फलोदी जिलों में दबिश दी गई। जोधपुर शहर में 51 बदमाशों के ठिकानों पर कार्रवाई कर आठ डोजियर/पूछताछ नोट तैयार किए गए। जोधपुर ग्रामीण में 12 बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई कर एक अवैध हथियार बरामद किया गया तथा तीन इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। फलोदी में 157 चिन्हित बदमाशों के विरुद्ध कार्रवाई कर 14 किलो 210 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया और तीन फरार इनामी बदमाश गिरफ्तार किए गए।

अजमेर रेंज में अजमेर शहर, नागौर और डीडवाना-कुचामन जिलों में कार्रवाई की गई। अजमेर में 18 बदमाशों को चिन्हित किया गया। नागौर में एनडीपीएस एक्ट के तहत एक प्रकरण दर्ज कर 14.215 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया तथा एक इनामी सहित कई वारंटी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। डीडवाना-कुचामन में 166 बदमाशों के ठिकानों पर दबिश देकर सात इनामी अपराधियों को गिरफ्तार कर तीन वाहन जब्त किए गए।

कोटा रेंज में कोटा शहर में 119 अपराधियों को चिन्हित कर आर्म्स एक्ट के 17 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें पिस्टल, देसी कट्टा, कारतूस और धारदार हथियार बरामद किए गए। एनडीपीएस एक्ट के चार प्रकरणों में 556 ग्राम गांजा और 1.44 ग्राम स्मैक जब्त की गई। दस इनामी अपराधियों सहित कई वारंटी आरोपियों की गिरफ्तारी की गई तथा 170 बीएनएसएस के तहत 187 आदतन अपराधियों को भी हिरासत में लिया गया।

प्रदेश के चिन्हित जिलों में एक साथ की गई इस समन्वित कार्रवाई में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ, अवैध हथियार और वाहन जब्त किए गए तथा इनामी, वारंटी और आदतन अपराधियों की गिरफ्तारी से संगठित अपराध के नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश