home page

युवक ने मां और बहन की हत्या कर फंदे से लटक की आत्महत्या

 | 
युवक ने मां और बहन की हत्या कर फंदे से लटक की आत्महत्या


जयपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। राजधानी जयपुर के भट्टा बस्ती थाना इलाके के रामनगर में एक युवक ने अपनी मां और बहन की हत्या करने के बाद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना गुरुवार (26 नवंबर) रात की बताई जा रही है। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे पड़ोसियों के घर पहुंचने पर तीनों की मौत का पता चला। तीनों के शव घर के एक ही कमरे में मिले। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त उत्तर बजरंग सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान सरोज देवी (50), उनकी बेटी शिवांगी (25) और बेटे लक्की (27) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि लक्की ने मां और बहन की हत्या करने के बाद खुद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। कमरे में बिस्तर पर शिवांगी का शव मुंह के बल पड़ा मिला। बिस्तर पर काफी खून बिखरा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि उसके गले या सिर पर वार किया गया था।

दीवार पर चिपका मिला कागज, मोबाइल में मिला सुसाइड नोट

पुलिस को घटनास्थल पर कमरे की दीवार पर एक कागज चिपका मिला। इस पर लिखा था कि उसका सुसाइड नोट मोबाइल फोन में है। कागज पर मोबाइल का पिन नंबर भी लिखा हुआ था। पुलिस ने पिन की मदद से मोबाइल अनलॉक किया तो उसमें सुसाइड नोट मिला। नोट में युवक ने खुद को मानसिक रूप से बीमार बताते हुए लिखा कि उनके परिवार में इस तरह की बीमारी है। कुछ साल पहले परिवार में इसकी जांच भी करवाई गई थी, जिसमें बीमारी के लक्षण पाए गए थे। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश