यमुनानगर में हेरोइन के साथ युवक काबू, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
यमुनानगर, 22 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर पुलिस के एंटी नारकोटिक्स सेल ने सौ ग्राम हेरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है, ताकि उससे नशा आपूर्ति तंत्र के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा सके।
सेल प्रभारी अनिल कुमार ने रविवार को बताया कि टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एक युवक दोपहिया वाहन पर सवार होकर अशोका कॉलोनी क्षेत्र से प्रतिबंधित पदार्थ की खेप लेकर गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर तुरंत एक विशेष टीम गठित कर निर्धारित स्थान पर नाकाबंदी की गई। कुछ ही देर में संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी प्रक्रिया ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पूरी की गई, जिसमें युवक के कब्जे से 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान राहुल निवासी यमुनानगर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी नशा तस्करी से जुड़े मामलों में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ तीन प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी बड़े गिरोह से जुड़ा हो सकता है और क्षेत्र में सप्लाई चेन का हिस्सा है। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि नशे की आपूर्ति के स्रोत और उससे जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

