यमुनानगर : दहेज प्रताड़ना के मामले में पति समेत पांच पर केस दर्ज
यमुनानगर, 13 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर में दहेज की मांग पर एक विवाहिता के साथ कथित तौर पर मारपीट और मानसिक उत्पीड़न करने के मामले में पुलिस ने सहारनपुर के रहने वाले कपड़ा व्यापारी सहित उसके परिवार के पांच सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत की जांच के बाद शुक्रवार को दहेज उत्पीड़न और मारपीट से संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू की गई। महक मोंगा निवासी पुराना हमीदा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2013 में कुणाल निवासी सहारनपुर से हुई थी। विवाह के समय उसके परिवार ने समारोह पर करीब 30 लाख रुपये खर्च किए थे।
शिकायकर्ता महक का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने दहेज को लेकर असंतोष जताना शुरू कर दिया। पति, सास-ससुर, देवर और देवरानी कथित रूप से उसे ताने देते हुए कहते थे कि उनके व्यापार और सामाजिक हैसियत के अनुरूप दहेज नहीं दिया गया। इसके बाद परिवार की ओर से नकदी और बड़ी कार की मांग लगातार की जाने लगी।
महक ने आरोप लगाया कि मांग पूरी न होने पर उसके साथ कई बार मारपीट की गई और मानसिक रूप से भी प्रताड़ित किया गया। वर्ष 2014 में एक बार उसके साथ गंभीर मारपीट की घटना भी हुई। इसके बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं आया और उसे लगातार दबाव का सामना करना पड़ा। शिकायत में यह भी कहा गया है कि पति के अन्य महिलाओं से संपर्क को लेकर जब उसने आपत्ति जताई तो परिवार के सदस्यों ने उसका विरोध करने पर उसे अपमानित किया।
महक का आरोप है कि 30 दिसंबर 2024 को फिर विवाद हुआ और उसे बच्चों सहित घर से निकाल दिया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति कुणाल धाम, सास सिम्मी धाम, ससुर सुरेंद्र धाम, देवर मानव धाम और देवरानी कनिका के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

