यमुनानगर: जंगल क्षेत्र में युवक का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
यमुनानगर, 06 अप्रैल (हि.स.)। जिले के सढौरा क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब जंगल इलाके में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को फैक्ट्री में काम पर जा रहे एक व्यक्ति की नजर जंगल क्षेत्र में पड़े शव पर पड़ी। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान गांव डेरा, जिला अंबाला निवासी मोहित के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले दिन से अपने घर से लापता था। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।
घटनास्थल से कुछ संदिग्ध दवाइयां और इंजेक्शन बरामद होने की बात सामने आई है, जिससे मामले को लेकर विभिन्न आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भेज दिया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवक जंगल क्षेत्र तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी मृत्यु हुई। सढौरा थाना प्रभारी प्रमोद ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

