यमुनानगर : अवैध खनन पर सख्ती, प्रशासन की ताबड़तोड़ कार्रवाई
यमुनानगर, 25 मार्च (हि.स.)। जिले में अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन के विरुद्ध प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए लगातार प्रभावी कार्रवाई की है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, खनन गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए निगरानी व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है तथा संदिग्ध क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
रादौर के एसडीएम नरेंद्र कुमार ने बुधवार काे बताया कि कार्रवाई के दौरान बीते दस दिनों में ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध 16 चालान किए गए, जिन पर लगभग छह लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, पिछले 40 दिनों के दौरान कुल 51 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 23 लाख रुपये से अधिक का दंड लगाया गया है। इसके अतिरिक्त अवैध खनन एवं परिवहन से जुड़े मामलों में चार प्राथमिकी भी दर्ज की गई हैं। उन्होंने बताया कि पोबारी क्षेत्र में लगातार सामने आ रही अवैध गतिविधियों को देखते हुए मोबाइल टीमें सक्रिय की गई हैं, जो रात्रि के समय विशेष अभियान चलाकर वाहनों की धरपकड़ कर रही हैं। इसी अभियान के तहत हाल के दिनों में 29 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर संबंधित प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
प्रशासन ने उपमंडल क्षेत्र में त्रिवेणी चौक, जठलाना और गुमथला में स्थायी जांच नाके स्थापित किए हैं, जहां चौबीसों घंटे वाहनों की सघन जांच जारी है। साथ ही मोबाइल टीमें दिन-रात गश्त कर खनन क्षेत्रों और परिवहन मार्गों की निगरानी कर रही हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उपायुक्त प्रीति के निर्देशन में जिला प्रशासन अवैध खनन पर पूर्ण नियंत्रण के लिए प्रतिबद्ध है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

