मोबाइल विवाद के बाद इंटर की छात्रा ने लगाई फांसी, बंद कमरे में झूलता मिला शव
अमेठी, 04 अगस्त (हि.स.)।अमेठी कोतवाली क्षेत्र के भेटुआ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत पिण्डोरिया के महाराजपुर गांव में मंगलवार को एक 12वीं की छात्रा का शव घर के बंद कमरे में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मोबाइल फोन को लेकर हुए पारिवारिक विवाद के बाद छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
महाराजपुर निवासी मजदूर महेंद्र यादव की पुत्री ललिता यादव राजकीय इंटर कॉलेज, पिण्डोरिया में कक्षा 12 की छात्रा थी। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। पिता ने खिड़की की कुछ ईंटें हटाकर अंदर देखा तो बेटी का शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों के अनुसार ललिता की मोबाइल पर एक युवक से बातचीत होती थी। इसकी जानकारी मिलने पर परिवार ने उसका मोबाइल अपने पास रख लिया था। मंगलवार सुबह छोटे भाई ने उसे छिपाकर रखे मोबाइल से बात करते देख लिया, जिसके बाद मोबाइल वापस ले लिया गया। इसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ। कुछ देर बाद पिता घर से बाहर चले गए और मां भी खेत में घास काटने चली गईं। इसी दौरान छात्रा ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर फंदे से लटककर जान दे दी।
मृतका के परिवार में बड़ी बहन सरिता की शादी हो चुकी है, जबकि दो छोटे भाई कृष्णा और किशन हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
अमेठी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक श्रीराम पाण्डेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

