मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी गौकश घायल
बरेली, 25 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने बुधवार सुबह मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी गौकश घायल हो गया। आरोपित के दोनों पैरों में गोली लगी है, जबकि एक उपनिरीक्षक भी मामूली रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने आरोपित के पास से अवैध तमंचा, कारतूस और गौकशी के उपकरण बरामद किए हैं।
सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हाइवे शिवम आशुतोष ने बताया कि आज सुबह करीब 5:35 बजे गश्त के दौरान थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस टीम को सूचना मिली कि मु0अ0सं0 232/25 धारा 3/5/8 गोवध निवारण अधिनियम व 11 पशु क्रूरता अधिनियम में वांछित 25 हजार रुपये का इनामी कामिल उर्फ नक्ता बंद पड़ी रबर फैक्टरी के पास जंगल क्षेत्र में मौजूद है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
आरोपित ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। एक गोली उपनिरीक्षक पंकज कुमार के बाजू को छूते हुए निकल गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें गौकश कामिल उर्फ नक्ता के दोनों पैरों में गोली जा लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। आरोपित मूलतः थाना फतेहगंज पीलीभीत जिले का रहने वाला है। उसके पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और गौकशी से संबंधित उपकरण बरामद हुए हैं।
घायल आरोपित और उपनिरीक्षक को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपित पर गौकशी और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 15 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वह काफी समय से फरार चल रहा था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार

