मालदा के महदीपुर स्थलबंदर पर बांग्लादेशी युवक के साथ दो गिरफ्तार
मालदा
, 21 फरवरी (हि.स)। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कड़ी निगरानी के बीच जिले के महदीपुर स्थलबंदर पर एक बांग्लादेशी युवक को अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया गया। वह एक मालवाहक लोरी के तिरपाल के अंदर छिपकर सीमा पार करने का प्रयास कर रहा था। इस मामले में शामिल भारतीय लोरी चालक को भी गिरफ्तार किया गया है।
बीएसएफ और पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार देर रात बांग्लादेश से माल उतारकर कई लोरियां महदीपुर स्थलबंदर के रास्ते भारत लौट रही थी। नियमित जांच के दौरान बीएसएफ जवानों को एक भारतीय लोरी की गतिविधि संदिग्ध लगी। जब लोरी के ऊपर से तिरपाल हटाकर तलाशी ली गई तो उसके नीचे एक युवक छिपा हुआ मिला। पूछताछ में युवक की पहचान मोहम्मद आलमगीर कबीर (26) के रूप में हुई। वह बांग्लादेश के राजशाही जिले के चंद्रिमा थाना क्षेत्र के छोटा बनग्राम का निवासी बताया गया है। उसे छिपाकर सीमा पार कराने के आरोप में लोरी चालक साजु घोष (26) को भी गिरफ्तार किया गया। बीएसएफ ने दोनों आरोपितों को आगे की कार्रवाई के लिए शनिवार को इंग्लिश बाजार थाना पुलिस के हवाले कर दिया है। घटना के बाद महदीपुर सीमा पर सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। इंग्लिश बाजार थाने की पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

