home page

मामूली विवाद में युवक पर आइस पोकर से जानलेवा हमला, दो नाबालिग पकड़े गए

 | 
मामूली विवाद में युवक पर आइस पोकर से जानलेवा हमला, दो नाबालिग पकड़े गए


नई दिल्ली, 30 मई (हि.स.)। उत्तर पूर्वी जिले के वेलकम इलाके में मामूली कहासुनी के बाद 22 वर्षीय युवक पर नुकीले लोहे के औजार से जानलेवा हमला करने के मामले का पुलिस ने दो नाबालिगों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है। दोनों आरोपितों ने पूछताछ में वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। मामले की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम वेलकम थाने में सूचना मिली थी कि कब्रिस्तान के पीछे स्थित इलाके में एक युवक को चाकूनुमा हथियार से हमला कर घायल कर दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घायल को उसका दोस्त उपचार के लिए जग प्रवेश चंद्र (जेपीसी) अस्पताल ले जा चुका था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल रेफर कर दिया गया।

अस्पताल में घायल युवक की पहचान वेलकम निवासी समीर के रूप में हुई। समीर ने पुलिस को बताया कि वह पार्क से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसे पहले से परिचित दो युवकों ने रोक लिया। किसी मामूली बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों ने तेजधार हथियार से उस पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।

पीड़ित के बयान के आधार पर वेलकम थाने में एफआईआर संख्या 263/2026 के तहत हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रूपेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के साक्ष्यों, स्थानीय जानकारी और अन्य तकनीकी पहलुओं की मदद से आरोपितों की पहचान की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों को दबोच लिया। दोनों की उम्र 16 वर्ष है। पूछताछ में दोनों ने हमले की बात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी