home page

मामूली विवाद में पत्नी की डंडे से पीटकर हत्या, आरोपित पति गिरफ्तार

 | 
मामूली विवाद में पत्नी की डंडे से पीटकर हत्या, आरोपित पति गिरफ्तार


बलरामपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में मामूली विवाद को लेकर पत्नी की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में आरोपित पति को आज रविवार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपित पर पत्नी के सिर और पेट पर लकड़ी के डंडे से वार करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, सूचक सोमारू साय को गांव के लोगों से जानकारी मिली कि उसकी बेटी दुखनी बाई के साथ उसके पति रमेश कोरवा ने मारपीट की है, जिससे उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलने के बाद वह लालदरा पहुंचा, जहां घर के अंदर कमरे में दुखनी बाई मृत अवस्था में मिली। उसके सिर और पेट पर चोट के निशान पाए गए।

सूचना मिलने पर शंकरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और देहाती मर्ग इंटीमेशन दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एफएसएल अधिकारी की मौजूदगी में घटनास्थल पर पंचनामा की कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान पुलिस को मृतिका की सास से घटना के संबंध में जानकारी मिली। उसने पुलिस को बताया कि घटना से एक दिन पहले रमेश और दुखनी ने हड़िया दारू पी थी। शाम करीब 4 से 5 बजे रमेश ने दुखनी को मुर्गा बनाने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर रमेश ने दुखनी के साथ मारपीट की और घर से निकलकर फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपित रमेश कोरवा की तलाश कर उसे हिरासत में लिया और घटना के संबंध में पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपराध करना स्वीकार किया। उसने बताया कि दुखनी के मुर्गा नहीं बनाने और विवाद करने से नाराज होकर उसने लकड़ी के डंडे से उसके सिर और पेट पर वार किया था।

पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सरई की लकड़ी का डंडा बरामद कर लिया है। आरोपित रमेश कोरवा पिता टिमला (28), निवासी जोकापाठ (लालदरा), थाना शंकरगढ़ के खिलाफ अपराध क्रमांक 97/2026 में धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने आरोपित को आज रविवार को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक रविन्द्र प्रताप सिंह, उप निरीक्षक बसंत एक्का, आरक्षक बबलू बेक सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय