मामूली विवाद में छोटे भाई की हत्या करने वाला आरोपित गिरफ्तार
बीजापुर, 19 सितंबर (हि.स.)। जिले के थाना आवापल्ली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चाटलापल्ली में त्वरित कार्रवाई करते हुए छोटे भाई की हत्या के आरोपित सन्नू मड़ावी, (उम्र 50 वर्ष) निवासी ग्राम चाटलापल्ली, थाना आवापल्ली, जिला बीजापुर को पुलिस ने आज शनिवार काे गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण में आरोपित के विरुद्ध थाना आवापल्ली अपराध क्रमांक 15/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपित को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
आवापल्ली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 18 सितम्बर को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम चाटलापल्ली में सन्नू मड़ावी द्वारा अपने छोटे भाई विज्जा मड़ावी की हत्या कर दी है। सूचना पर थाना आवापल्ली पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंचकर प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक के मवेशियों के आरोपित के खेत में घुसने तथा फसल को नुकसान पहुंचाने को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद होने पर आरोपित द्वारा लकड़ी से वार कर विज्जा मड़ावी की हत्या कर दी गई। प्रकरण मे जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपित सन्नू मड़ावी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना आरोपी के परिजनों को दी गई तथा आरोपित को उसके कानूनी अधिकारों से अवगत कराया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

