home page

मां-बेटी से रास्ते में रोककर मारपीट व धमकी, मामला दर्ज

 | 

नाहन, 22 अप्रैल (हि.स.)। सिरमौर जिले के संगड़ाह थाना क्षेत्र में एक महिला की बेटी पर हमले का मामला सामने आया है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, गांव बोरली की रहने वाली तारा देवी ने बताया कि मंगलवार शाम वह अपनी बेटी के साथ घासनी शवाण से पशुओं को लेकर घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में गांव के ही मांगाराम ने उनकी बेटी पर हमला कर दिया।

तारा देवी के मुताबिक मांगाराम पुत्र मेघरू राम ने अचानक उनकी बेटी के सिर पर वार किया, जिससे वह घायल हो गई। इतना ही नहीं, आरोपी ने जाते-जाते मां-बेटी दोनों को जान से मारने की धमकियां भी दीं। घटना के बाद परिजन काफी डर गए और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना संगड़ाह में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2) और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे के कारणों की भी जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल लड़की की स्थिति के बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर