महिला के साथ छेड़छाड़ और अश्लीलता के आरोप में दुकानदार पर केस दर्ज
मुरादाबाद, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना मझोला क्षेत्र के लाइनपार इलाके में दुकानदार ने महिला के साथ छेड़छाड़ और अश्लीलता की। विरोध करने पर रॉड से हमला कर महिला और उसके बेटे को घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपित दुकानदार के खिलाफ केस दर्ज किया है।
थाना मझोला के लाइनपार क्षेत्र निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सात अक्टूबर को शाम करीब 7ः40 बजे वह अपने बेटे को लेकर घर के पास अनुज सैनी की दुकान पर मरम्मत के लिए दिए गए लाइट का सामान लेने गई थी। पीड़िता के अनुसार आरोपित दुकानदार अनुज सैनी ने सामान देने से इनकार करते हुए उसके ऊपर आपत्तिजनक करते हुए अश्लीलता की।
पीड़िता के अनुसार उसने और उसके बेटे ने विरोध किया तो आरोपित ने गाली गलौज करनी शुरू कर दी। तब तक पीड़िता का पति भी पहुंच गया। पीड़िता के अनुसार उसके पति और बेटे के समझाने का प्रयास किया तो वह और आक्रामक हो गया और लोहे की रॉड निकाल कर हमला कर दिया। जिसमें पीड़िता और उसका बेटा घायल हो गए। आरोप है कि अनुज सैनी ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद प्रार्थिनी ने चौकी पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भेजा। पीड़िता के अनुसार घटना की सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध है।
इस संबंध में एसएचओ मझोला रविंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

