home page

मर्डर मिस्ट्री सुलझी, पति की हत्या में महिला और उसका प्रेमी गिरफ्तार

 | 
मर्डर मिस्ट्री सुलझी, पति की हत्या में महिला और उसका प्रेमी गिरफ्तार


उद्यमसिंह नगर, 04 मई (हि.स.)। जनपद के काशीपुर शहर में दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी थी और फिर शव को एक नहर में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों हत्यारोपिताें को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस शव की बरामदगी के लिए नहर में सर्च ऑपरेशन चला रही है।

रामपुर के थाना स्वार क्षेत्र निवासी चंद्रावती ने 25 अप्रैल को काशीपुर के आईटीआई थाने में अपने पुत्र कुलवन्त सिंह के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार कुलवंत ग्राम बांसखेड़ा में रहने वाली अपनी पत्नी गुड्डी से मिलने के लिए घर से निकला, उसके बाद कुलवंत वापस घर नहीं लौटा। आईटीआई पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू की तो यह तथ्य सामने आया कि कुलवंत की पत्नी गुड्डी का कपिल मौर्या उर्फ राहुल मौर्या के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। सर्विलांस के दौरान गुड्डी और राहुल की लोकेशन एक ही स्थान पर पाई गई, जिसके बाद पुलिस ने गुड्डी से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने हत्या की साजिश की सारी परतें खुल गई। गुड्डी के मुताबिक कुलवंत शराब पीकर उससे मारपीट करता था, जिस कारण गुड्डी ने प्रेमी कपिल के साथ मिलकर कुलवंत को अपने रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। पुलिस के अनुसार आरोपित महिला ने 25 अप्रैल को प्रेमी से शराब और काेई जहरीला पदार्थ मंगाया और फिर उसे शराब में मिलकार कुलवंत काे पिला दी, जिससे उसकी माैत हाे गई। उसके बाद गुड्डी ने अपने प्रेमी कपिल की मदद से शव को एक कार से ले जाकर बड़ी नहर में फेंक दिया था।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि आईटीआई पुलिस ने सर्विलांस और साक्ष्यों के आधार पर दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस शव की तलाश के लिए एसडीआरएफ के साथ सर्च ऑपरेशन चला रही है। पुलिस ने दोनों आरोपिताें का चालान कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजय आहूजा