भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त, एक गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 27 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से पहले चुनाव आयोग के निर्देश पर राज्य में 26 अप्रैल से 29 अप्रैल तक शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध है। इस बीच प्रतिबंध का फायदा उठाकर कालाबाजारी की कोशिशों का मामला सामने आया है।
सिलीगुड़ी के प्रधान नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। जानकारी के अनुसार, धर्मनगर इलाके के एक नंबर वार्ड स्थित घर में शराब जमा कर रखा गया था, जिसे प्रतिबंध के दौरान ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी।
गत रात प्रधान नगर थाने की पुलिस टीम ने सादे कपड़ों में छापेमारी कर करीब तीन लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब जब्त की। इस कार्रवाई में आयुष कहार नामक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जो धर्मनगर का निवासी बताया गया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
चुनाव के मद्देनज़र प्रशासन अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए हुए है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

