home page

भारत-बांग्लादेश सीमा पर गिरफ्तार तस्कर को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत

 | 
भारत-बांग्लादेश सीमा पर गिरफ्तार तस्कर को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत


उत्तर दिनाजपुर, 13 सितंबर (हि. स.)। सीमा पर कांटेदार तार काटकर मवेशी तस्करी के आरोप में फरार चल रहे कुख्यात तस्कर को हेमताबाद थाना पुलिस ने सीमा सुरक्षा मोड़ (बीएसएफ) के साथ संयुक्त अभियान में गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान भारीउद्दीन अली उर्फ भाका के रूप में हुई है। वह हेमताबाद थाना क्षेत्र के चौनागर ग्राम पंचायत के माटिया डोप गांव का निवासी है।

पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त को सीमा पर कांटेदार तार काटकर मवेशी तस्करी की घटना सामने आई थी। इस मामले में बीएसएफ की ओर से हेमताबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद से आरोपित फरार था। बताया गया है कि वह सीमा पार कर बांग्लादेश चला गया और करीब दस दिनों तक वहां छिपा रहा।पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित रविवार तड़के कूलिक नदी तैरकर दोबारा भारत में दाखिल हुआ और अपने घर में छिपा है। गांव पुलिस के जरिए सूचना मिलने के बाद हेमताबाद पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने उसके घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

सूत्रों के मुताबिक, आरोपित के खिलाफ मवेशी और महिला तस्करी के अलावा मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में हेमताबाद थाने में कुल दस मामले दर्ज हैं।पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे रायगंज मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया।

सरकारी वकील अतनु दास के अनुसार, अदालत ने आरोपित को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार