बैंक अधिकारी बनकर साइबर ठगों ने उड़ाए 1.20 लाख रुपये, व्हाट्सऐप ऐप डाउनलोड कराकर की ठगी
जलपाईगुड़ी, 24 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के मयनागुड़ी ब्लॉक के बर्निश ग्राम पंचायत क्षेत्र में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। एक व्यक्ति से सरकारी बैंक का कर्मचारी बनकर फोन करने वाले साइबर अपराधियों ने 1.20 लाख रुपये ठग लिए।
पीड़ित अजय विश्वास ने बताया कि गुरुवार रात उनके मोबाइल पर एक फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को एक सरकारी बैंक का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उनका स्वास्थ्य बीमा प्रीमियम जमा करना है। साथ ही उसने कहा कि पहले बैंक की ओर से उनके खाते में कुछ राशि भेजी जाएगी।
इसके बाद आरोपित ने व्हाट्सऐप पर एक ऐप फ़ाइल भेजी और उसे डाउनलोड कर निर्देशानुसार कई स्थानों पर क्लिक करने को कहा। अजय विश्वास ने बताए गए सभी निर्देशों का पालन किया। कुछ ही देर बाद उनके बैंक खाते से कुल 1.20 लाख रुपये निकल गए।
जब उन्हें ठगी का एहसास हुआ तो शुक्रवार को उन्होंने मयनागुड़ी साइबर सहायता केंद्र में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में ऐप डाउनलोड न करें और बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

