home page

बेटी को बचाने आए पिता को दमाद ने मारा चाकू, मौत

 | 

नई दिल्ली, 01 मई (हि.स.)। शाहदरा जिले के सीमापुरी इलाके में बेटी के साथ मारपीट कर रहे दामाद को रोकना बुजुर्ग ससुर को भारी पड़ा। आरोपित दामाद ने बुजुर्ग पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।

पुलिस के अनुसार, सीमापुरी इलाके में एक युवक अपनी पत्नी को पीट रहा था। ससुर बीच-बचाव कराने आए तो आरोपित ससुर से उलझने लगा। कहासुनी के दौरान आरोपित ने पहले ससुर को थप्पड़ मारा और फिर घसीटकर पहली मंजिल से गली में ले आया। उसके बाद आरोपित ने चाकू निकालकर उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गली में बढ़ती भीड़ देखकर आरोपित वहां से फरार हो गया। इधर गंभीर हालत में पीड़ित राम जतन (50) को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। क्राइम टीम व एफएसएल ने मौके से साक्ष्य जुटाए। बाद में हत्या का मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू की गई।

शुक्रवार को पुलिस ने आरोपित दामाद संदीप (20) को सीलमपुर इलाके से दबोच लिया। उससे पूछताछ कर पुलिस वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद करने का प्रयास कर रही है।

पुलिस के मुताबिक राम जतन परिवार के साथ सीमापुरी इलाके में रहते थे। उनकी बेटी नंदनी अपने पति संदीप के साथ पुराने सीलमपुर इलाके में रहती है। करीब डेढ़ साल पहले नंदनी की संदीप से शादी हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से संदीप का नंदनी के साथ व्यवहार ठीक नहीं है। वह छोटी-छोटी बातों पर उससे झगड़ा करता है। गुरुवार शाम के समय नंदनी अपने परिवार से मिलने के लिए मायके आई हुई थी। उसके साथ संदीप भी मौजूद था। इस बीच किसी बात पर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। इस पर आरोपित ने नंदनी को थप्पड़ मार दिया। वहां मौजूद राम जतन ने दामाद को रोकते हुए बीच-बचाव का प्रयास किया। इस बात पर संदीप आग बबूला हो गया और उसने ससुर को भी थप्पड़ मार दिया। बाद में वह ससुर का गिरेबान पकड़कर सीढि़यों से नीचे घसीटता हुआ ले आया और गली में लाते ही आरोपित ने चाकू निकालकर ससुर पर कई वार किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी