home page

बुराड़ी में दिनदहाड़े 4.18 लाख की लूट का खुलासा, चार आरोपित गिरफ्तार

 | 
बुराड़ी में दिनदहाड़े 4.18 लाख की लूट का खुलासा, चार आरोपित गिरफ्तार


नई दिल्ली, 05 मई (हि.स.)। उत्तरी जिले के बुराड़ी इलाके में कैश कलेक्शन एजेंट से दिनदहाड़े 4.18 लाख रुपये लूटने की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लूटी गई रकम में से 26 हजार रुपये, एक मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल चोरी की स्कूटी और पीड़ित का बैग बरामद किया है।

उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने मंगलवार को बताया कि 27 अप्रैल की दोपहर नाथूपुरा निवासी संदीप, जो एक निजी कंपनी में कैश कलेक्शन एजेंट है, स्वरूप नगर रोड स्थित जेप्टो वेयरहाउस से 4,18,600 रुपये लेकर दूसरी दुकान की ओर जा रहा था। ओम गार्डन बैंक्वेट के पास दो स्कूटी सवारों ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गया। इसी दौरान दूसरी स्कूटी पर आए दो अन्य बदमाशों समेत चारों आरोपित उसका कैश से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।

मामले की जांच में जुटी पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के 1000 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और करीब 35 किलोमीटर तक आरोपितों का पीछा किया। जांच में सामने आया कि आरोपित वारदात के बाद अलग-अलग रास्तों से हरियाणा भागे और बाद में दिल्ली लौटकर जहांगीरपुरी के एक होटल में रुके। होटल रिकॉर्ड और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने भलस्वा डेयरी निवासी समीर, कृष और कपिल को तीन मई को दबोच लिया। इनके निशानदेही पर अशोक विहार से चौथे आरोपित शाहदाब उर्फ अमित को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में मुख्य आरोपित समीर ने बताया कि वह पहले जेप्टो स्टोर में डिलीवरी बॉय था और नौकरी के दौरान उसने कैश कलेक्शन एजेंट्स की गतिविधियों पर नजर रखी थी। नौकरी छोड़ने के बाद उसने साथियों के साथ मिलकर लूट की साजिश रची और पहले रेकी की। वारदात के लिए दो स्कूटी चोरी की गई थीं।

पुलिस के अनुसार, आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे थे और वारदात के बाद कपड़े भी बदल लिए थे। फिलहाल बाकी लूटी रकम और दूसरी स्कूटी की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी