बुजुर्ग ने खुद को गोली मारकर दी जान
नई दिल्ली, 07 अप्रैल (हि.स.)। बाहरी जिले के मंगोलपुरी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक 80 वर्षीय बुजुर्ग ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान उमराव सिंह (80) के रूप में हुई है, जो पीतमपुरा के सुविधा कुंज इलाके में रहते थे। वह पेशे से रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े हुए थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उन्होंने अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर जान दे दी। पुलिस के मुताबिक, उमराव सिंह मूल रूप से सुल्तानपुर माजरा गांव के रहने वाले थे। उनके परिवार में दो बेटे हैं, जो रियल एस्टेट के व्यवसाय में ही कार्यरत हैं, जबकि उनकी बेटियों की शादी हो चुकी है। उनकी पत्नी का वर्ष 2013 में कैंसर के कारण निधन हो गया था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक लंबे समय से अस्थमा और नसों से जुड़ी बीमारी से पीड़ित थे। माना जा रहा है कि बीमारी और अकेलेपन के चलते उन्होंने यह कदम उठाया हो सकता है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से हथियार को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। फिलहाल किसी प्रकार की साजिश या अन्य कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिवार के सदस्यों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

