home page

बुजुर्ग की हत्या, खेत में मिला खून से लथपथ शव

 | 
बुजुर्ग की हत्या, खेत में मिला खून से लथपथ शव


उदयपुर, 11 मई (हि.स.)। उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग की हत्या का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। रावो का सायरा गांव निवासी मोहनलाल (60) पुत्र खमाणा मेघवाल का शव सोमवार सुबह खेत में खून से लथपथ हालत में मिला। शव पर गंभीर चोटों के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश व्याप्त है।

पुलिस के अनुसार मोहनलाल रविवार रात एक परिचित व्यक्ति के साथ घर से निकले थे। उन्होंने परिजनों से थोड़ी देर में लौट आने की बात कही थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश भी की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह ग्रामीण जब खेतों की ओर गए तो वहां मोहनलाल का शव पड़ा मिला। सूचना पर सायरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

सायरा थानाधिकारी कानाराम सिरवी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या बेहद बेरहमी से किए जाने के संकेत मिले हैं। मृतक के गले, सिर और मुंह पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। आशंका है कि नुकीले हथियार या पत्थरों से हमला किया गया। पुलिस ने मौके पर एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए।

घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों में भारी रोष देखने को मिला। परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा आर्थिक मुआवजा देने की मांग रखी। मांगें पूरी होने तक उन्होंने पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया। देर शाम तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों एवं परिजनों से समझाइश में जुटे रहे, लेकिन सहमति नहीं बन सकी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता