बीसी संचालक के सिर पर हमला कर 85 हजार लूटे, पुलिस जांच में जुटी
बहराइच, 01 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में रुपईडीहा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात बीसी संचालक पर मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने हमला कर 85 हजार रुपये लूट लिए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची और जांच शुरू की।
रुपईडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत चिलबिला के रहने वाले अनुराग सिंह बीसी संचालक हैं। रविवार रात लगभग नौ बजे एटीएम से 85 हजार रुपये निकालकर गांव वापस जा रहे थे। उन्होंने बताया कि जब वह हाजी मोहम्मद डिग्री कॉलेज के पास पहुँचे तो पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके सिर पर हमला कर उन्हें मोटरसाइकिल से नीचे गिरा दिया। उनसे 85 हजार रुपये छीनकर मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद घायल अनुराग सिंह की चीख पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुँचे। ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दिया। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुँचे और घायल को उपचार हेतु एक प्राइवेट चिकित्सालय में एडमिट कराया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची और घटना से सम्बन्धित साक्ष्य संकलित किये। थानाध्यक्ष रुपईडीहा रमेश रावत ने बताया कि पुलिस ने घटना को गम्भीरता से लिया है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

