बालरवा बस स्टैंड पर युवक की हत्या का फरार मुल्जिम गिरफ्तार : दो लोगों ने मिलकर की थी हत्या
नाै अक्टूबर को धारदार हथियार से किया गया था हमला
जोधपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। कमिश्नरेट के जिला पूर्व में मथानिया थाना क्षेत्र के बालरवा गांव में बस स्टैंड के पास 9 अक्टूबर को युवक की धारदार हथियार से हत्या के प्रकरण में फरार चल रहे एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। प्रकरण में दो लोगों को नामजद किया गया था। जिसका एक मुल्जिम अब पुलिस के हत्थे चढ़ा है। पकड़े गए आरोपित से पूछताछ की जा रही है। घटना के संबंध में मृतक के पिता मंगलाराम ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
मथानिया थाने के एसआई प्यारेलाल ने बताया कि बालरवा निवासी रुपाराम पुत्र मंगलाराम कृषि कार्य करता था। वह 9 अक्टूबर को घर आया हुआ था। शाम करीब साढ़े छह से सात बजे के बीच वह बालरवा बस स्टैंड गया था। आरोप है कि वहां प्रेमाराम निवासी बालरवा और ओमाराम निवासी 18 मील, बावरियों की ढाणी सहित अन्य लोगों ने रुपाराम पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में रुपाराम की मौके पर ही मौत हो गई। बाद में उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
एसआई प्यारेलाल के अनुसार प्रकरण में नामजद एक आरोपित बावरियों की ढाणी 18 मील बालरवा निवासी ओमाराम पुत्र गंगाराम बावरी को अब गिरफ्तार किया गया है। अन्य अभियुक्तों के संबंध में उससे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी पकड़ा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

