home page

बहराइच में 16 किलो से अधिक गांजा बरामद, चार तस्कर दबोचे

 | 
बहराइच में 16 किलो से अधिक गांजा बरामद, चार तस्कर दबोचे


बहराइच, 13 जुलाई (हि.स.)। पयागपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 16 किलो अवैध गांजा बरामद कर चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी अभियुक्ताें के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध गांजे की खेप लेकर सप्लाई के लिए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गंगवल बाजार जाने वाले मार्ग पर स्थित निबिहा-मनकापुर मोड़ के पास घेराबंदी की। पुलिस वाहन को देखकर चारों संदिग्ध भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया।

तलाशी के दौरान लखनऊ के चिनहट निवासी अदनान के कब्जे से 4.200 किलोग्राम, शुभ गुप्ता के पास से 4.300 किलोग्राम और पयागपुर साेहरिया निवासी प्रवेश कुमार के कब्जे से 4.270 किलोग्राम तथा विपिन मिश्रा उर्फ गौरव उर्फ धर्मराज के पास से 3.230 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपितों ने बरामद गांजे को सप्लाई के लिए ले जाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने सभी अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया। इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पयागपुर पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA