home page

बक्शीरहाट में सीमा पर सख्त निगरानी के बीच फिर नकदी बरामद

 | 
बक्शीरहाट में सीमा पर सख्त निगरानी के बीच फिर नकदी बरामद


कुचबिहार, 23 मार्च (हि.स.)। बक्शीरहाट में विधानसभा चुनाव से पहले सख्त निगरानी के बीच भारी मात्रा में नकदी बरामद होने से हड़कंप मच गया है।

पुलिस के अनुसार, रविवार रात से सोमवार सुबह के बीच असम से बंगाल में प्रवेश करने वाले वाहनों की जांच के दौरान संकोश नाका चेकिंग प्वाइंट पर एक चार पहिया वाहन को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में रखे एक बैग से कुल 1.99 लाख रुपये नकद बरामद किए गए है।

गाड़ी में सवार व्यक्ति की पहचान असम के चिरांग जिले के निवासी टोटन भौमिक के रूप में हुई है। हालांकि, वह इस बड़ी रकम के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार, बिना वैध कागजात के तय सीमा से अधिक नकदी ले जाना दंडनीय है। इसी कारण पुलिस ने पूरी रकम जब्त कर ली है।

तुफानगंज के एसडीपीओ मनोज कुमार ने बताया कि नियमों के तहत कार्रवाई की गई है और अंतरराज्यीय सीमा पर निगरानी और कड़ी कर दी गई है।

गौरतलब है कि इसी इलाके में 24 घंटे के भीतर दूसरी बार नकदी बरामद हुई है, जिससे पुलिस प्रशासन और ज्यादा सतर्क हो गया है। जांच की जा रही है कि इस पैसे का इस्तेमाल कहीं चुनाव को प्रभावित करने के लिए तो नहीं किया जा रहा था। सीमा के सभी चेक पोस्ट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार