बंद कमरे में जुआ खेलते 16 जुआरी गिरफ्तार, 65,020 रुपये बरामद
कानपुर, 18 अगस्त (हि.स.)। कर्नलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत होटल के कमरे में जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 16 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 65,020 रुपये नकद और ताश की गड्डियां बरामद की गई हैं।
पुलिस उपायुक्त मध्य अतुल कुमार श्रीवास्तव ने मंगलवार को बताया कि कर्नलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पीपीएन मार्केट स्थित होलीडे होटल के बंद कमरा नंबर एक में जुआ खेले जाने की सूचना पर पुलिस टीम ने छापा मारा। मौके से 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 65,020 रुपये, ताश के पत्तों की दो गड्डियां और तीन सील पैक ताश की गड्डियां बरामद हुईं।
गिरफ्तार आरोपितों में मोहम्मद नौशाद, सद्दाम, नदीम, चंदन, मोहम्मद रहीश उर्फ लाल, फहीम अहमद, शादाब आलम, उमर ऐजाज, मोहम्मद इंतखाफ, सुहैल आलम उर्फ गुड्डू, गुड्डू, कासिफ बेग, मोहम्मद इमरान, अनिल, आनंद सिंह और महमूद आलम शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे अलग-अलग स्थानों पर बंद कमरे में जुआ खेलते थे और हार-जीत में मिलने वाली रकम से अपना और परिवार का खर्च चलाते थे। कार्रवाई के दौरान मोहम्मद शकील भी मौके पर मौजूद था, जो भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया।
कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार के निर्देशन में उपनिरीक्षक दिनेश कुमार मौर्य, उपनिरीक्षक सुरेश चंद्र शर्मा, उपनिरीक्षक अतुल कुमार, उपनिरीक्षक हर्षित शर्मा और पुलिस टीम ने की।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

