home page

फायरिंग कर हत्या के प्रयास मामले में सात आरोपित गिरफ्तार

 | 
फायरिंग कर हत्या के प्रयास मामले में सात आरोपित गिरफ्तार


गोरखपुर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। चिलुआताल थाना क्षेत्र में मारपीट एवं फायरिंग कर हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से अवैध असलहा एवं कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्रवाई करते हुए अग्रिम विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर द्वारा अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना चिलुआताल में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 121/2026 से संबंधित आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।

पुलिस के अनुसार 25 फरवरी 2026 को अभियुक्तों द्वारा वादी एवं उसके मित्र के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। विवाद के दौरान आरोपियों ने पिस्टल से जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी कर दी। घटना के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना चिलुआताल में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस ने अभियुक्त उत्तम सिंह, राहुल सिंह, अवधेश सिंह, दिग्विजय सिंह, प्रदीप सिंह, अजीत सिंह तथा धर्मदेव यादव निवासी ग्राम मैनाभागर थाना चिलुआताल जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान अभियुक्त उत्तम सिंह के कब्जे से एक अवैध पिस्टल .32 बोर, एक जिंदा कारतूस तथा पांच खोखा कारतूस बरामद किए गए।

बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोत्तरी भी कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना में शामिल अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है तथा आरोपियों के आपराधिक इतिहास को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार सभी अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय