फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कार चला रहे तीन गिरफ्तार, जेल
मुरादाबाद, 19 मार्च (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना सिविल लाइंस पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कार चला रहे तीन दोस्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपितों के पास से तमंचे और कारतूस भी बरामद किए हैं। आज शाम पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया है।
थाना सिविल लाइन इंस्पेक्टर मनीष सक्सेना ने बताया कि थाना पुलिस टीम गुरुवार दोपहर चेकिंग कर रही थी इसी दौरान अगवानपुर फ्लाईओवर के पास तीन युवक एक कार में आते हुए दिखाई दिए, जिन्हें पुलिस ने रुकने का इशारा किया। तीनों ने कार की स्पीड बढ़ा दी और भागने लगे। जिसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उनको विवेकानंद हॉस्पिटल के पास रोक लिया। पुलिस ने जब कार के रजिस्ट्रेशन नंबर से जांच की तो पता चला वह नंबर प्लेट फर्जी थी जाे चोरी की कार पर लगी हुई थी। कार की तलाशी में कार से तीन तमंचे और तीन कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक कार में सवार थाना छजलैट क्षेत्र के लदावली निवासी हरेंद्र भाटी, हिमांशु और शेरुआ धर्मपुर निवासी प्रियांशु ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने यह चोरी की कार सस्ते दामों में खरीद ली थी और इस पर फर्जी नंबर प्लेट लगा ली थी।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

