फर्जी दस्तावेज बनाकर भारत में रह रहा बांग्लादेशी परिवार गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 05 अप्रैल (हि. स.)। फर्जी दस्तावेज बनाकर भारत में अवैध रूप से रह रहे एक बांग्लादेशी परिवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। न्यू जलपाईगुड़ी थाने की पुलिस ने फूलबाड़ी सीमा के पास छापेमारी कर पति-पत्नी और उनकी नाबालिग बेटी को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आजम अली और रीमा अख्तर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, यह परिवार 2016 में इलाज के लिए वैध दस्तावेजों के साथ भारत आया था, लेकिन वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी देश वापस नहीं लौटा। बाद में इन्होंने अपनी असली पहचान छिपाकर फर्जी आधार कार्ड और भारतीय पासपोर्ट तैयार कर लिए। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित बेंगलुरु में रह रहे थे और फर्जी दस्तावेजों के सहारे एक निजी अस्पताल में काम भी कर रहे थे। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए परिवार को पकड़ा। पूछताछ के दौरान उनके बयानों में विरोधाभास सामने आया, जिसके बाद पूरा मामला उजागर हुआ।
पुलिस ने अवैध रूप से भारत में रहने, सीमा पार करने और सरकारी दस्तावेजों की जालसाजी के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन शामिल है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

